नोटबन्दी के एक साल से ज्यादा होने का बाद भी कई जगह पर अभी भी पुराने 500 और 1000 रुपए के नोट मिलने की खबर मिल रही है। झारखंड के चौका में एनएच-33 स्थित दिनाई के पास एक पुलिया के नीचे पुलिस ने तीन बोरों में 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बरामद किए हैं। जानकारों के हिसाब से बोरी में करीब पांच करोड़ रुपए के पुराने नोट होंगे।
थाना प्रभारी टीपी कुशवाहा ने बताया कि सभी नोट टुकड़े किए हुए हैं और गली हुई अवस्था में हैं। नोटों को देखने से पता चलता है कि पहले उन्हें मशीन के जरिए काटा गया है। गुरुवार शाम करीब चार बजे दिनाई के पास पुलिया के नीचे जब नाले का पानी कम हुआ तो बोरे दिखाई पड़ने लगे गड्ढे में जमा पानी में कुछ बच्चे मछली मार रहे थे। उन्होंने गड्ढे में तीन बोरी देखी।
बच्चों के खेल में बोरियां फट गई और नोट बाहर निकल गए। स्थानीय ग्रामीणों की नजर जब उन बोरी पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसकी सूचना पाकर चौका थाना के एएसआई पहुंचे और नोटों की बोरी जब्त कर ली। पुलिस के मुताबिक, बोरियों में पुराने नोट हैं। इन्हें किसी मशीन के जरिए टुकड़े-टुकड़े कर दिया गया है।
सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि सारे नोट पानी में इतने गल गए हैं कि इनकी गिनती करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस इंस्पेक्टर को इस मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया है। ये रुपये संभवत: किसी कालेधन वाले का होगा। एसपी ने बरामद नोट नक्सलियों के भी होने से इनकार नहीं किया है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट


Download Android App
Download iOS App




