मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज टीकाकरण के एक वर्ष पूरे होने पर कहा कि राज्य में अब तक 10 करोड़ 72 लाख डोज लग चुके हैं और टीकाकरण का सबसे बड़ा लाभ यही हो रहा है कि लोग संक्रमित होने की स्थिति में भी गंभीर नहीं हो रहे। शिवराज चौहान ने आज टीकाकरण के एक वर्ष पूरे होने पर स्थानीय जेपी अस्पताल में टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में अब तक 10 करोड़ 72 लाख डोज लग चुके हैं।
टीका लगवा चुके लोगों को संक्रमण के बाद भी नहीं होना पड़ रहा अस्पताल में भर्ती
उन्होंने कहा कि पहला डोज 5 करोड़ 32 लाख लोगों को लग चुका है, जो लक्षित आबादी का 97 प्रतिशत है, वहीं दूसरा डोज 5 करोड़ 8 लाख लोगों को लगा, जो 92 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संतोष की बात है कि जो लोग अभी अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं उनमें से ज्यादातर गंभीर नहीं हैं, उन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं है। टीकाकरण का यही लाभ है कि पहले तो लोग संक्रमित नहीं होंगे और हुए भी तो गंभीर नहीं होंगे।
चिकित्सा संबंधित सभी व्यवस्थाएं है दुरुस्त
शिवराज चौहान के अनुसार अस्पतालों में बेड, आईसीयू, ऑक्सीजन, दवाएं, उपकरण सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। टीकाकरण करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों सहित पूरी टीम ने अथक मेहनत की है। दुर्गम स्थानों तक पहुंचकर लोगों को टीका लगाया है। इन प्रयासों से इस महामारी से देश को सुरक्षित किया जा सका है। उन्होंने कहा कि 15 से 18 वर्ष के किशोरों का भी टीकाकरण शुरु हुआ है, जो लगातार जारी है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सभी लोग टीका लगवाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
PM मोदी के नेतृत्व में देश ने बचाव का टीका किया विकसित
उन्होंने कहा कि मार्च में कोरोना ने देश में दस्तक दी, साल भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बचाव का टीका विकसित कर लिया। पहले भी देश में महामारी का दौर आता था, लेकिन देश को दवा, टीके के लिए विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चमत्कार कर दिया। आज का दिन देश के लिए गौरवशाली है, जब कोरोना से बचाव के टीकाकरण के एक वर्ष पूरे हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



