पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खास और तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर भविष्यवाणी की है। ब्रायन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त 2018 को लाल किले की प्राचीर से अंतिम बार पीएम के रूप में भाषण देंगे। गौरतलब है कि बंगाली बहुल त्रिपुरा में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बीच ब्रायन ने यह भविष्यवाणी की है। मीडिया से बातचीत में ब्रायन ने कहा, ‘पहले 2019 को संभालें, फिर उसके बाद बंगाल के बारे में कल्पना करें। यह बीजेपी के लिए हमारा स्पष्ट संदेश है। अगर उनका निशाना बंगाल है तो हमारा टारगेट लाल किला है।
मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि पीएम नरेंद्र मोदी 15 अगस्त 2019 को स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से भाषण नहीं दे पाएंगे।’ उन्होंने विपक्षी दलों का आह्वान किया कि वे पीएम मोदी को चुनौती देने के लिए एक साथ आएं।’ ब्रायन ने बीजेपी से सवाल किया कि वह त्रिपुरा में जीत के बाद इतना खुश क्यों है। साथ ही कहा कि राजस्थान में लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। टीएमसी लीडर ने कहा, ’15 दिन पहले ही राजस्थान उपचुनाव के नतीजे आए हैं। इसमें अलवर की सीट भी शामिल है जहां वर्ष 2014 में उसने 2.80 लाख वोटों से जीत हासिल की थी लेकिन उपचुनाव में उसे 1.50 लाख वोटों से हार का सामना करना पड़ा।’
बता दें, शनिवार को आए चुनाव परिणाम में बीजेपी ने त्रिपुरा में सीपीएम के 25 साल के शासन को उखाड़ फेंका और राज्य में केसरिया परचम लहराया था। पार्टी को 60 में से 35 सीटें मिलीं। सीपीएम को मात्र 16 सीटों से संतोष करना पड़ा। त्रिपुरा में 2011 की जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक आबादी में 30 फीसदी आदिवासी समुदाय के लोग हैं, जबकि 66 फीसदी लोग गैर-आदिवासी बंगाली हिंदू हैं।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पड़े पंजाब केसरी अख़बार


Download Android App
Download iOS App



