देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में खालिस्तानी आतंकवादियों द्वारा हमला करने की आशंका के मद्देनजर हाई अलर्ट की घोषणा की गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि रेलवे स्टेशनों सहित पूरे शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। खुफिया ब्यूरो (आईबी) ने नए साल की पूर्व संध्या पर शहर पर संभावित हमले के बारे में जानकारी दी है और मुंबई पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा है, जिसके मद्देनजर शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया है।
कैंसिल की गई पुलिसवालों की छुट्टियां
अधिकारियों ने शहर में सुरक्षा को देखते हुए 31 दिसंबर के लिए पूर्व-अनुमोदित छुट्टी और पुलिस कर्मियों के लिए साप्ताहिक अवकाश भी रद्द कर दिया है। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर मुंबई में खालिस्तानी आतंकवादियों के हमले की आशंका के मद्देनजर केन्द्रीय एजेंसियों की ओर से अलर्ट मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। राज्य भर में कोरोना के 450 मामलों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए मुंबई में आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 पहले से ही लागू है।
भीड़ वाले स्थानों पर जारी किए गए सख्त प्रतिबंध
सूत्रों ने बताया कि पुलिस के आदेश के बाद होटल, रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, बार, पब, आर्केस्ट्रा, रिसॉर्ट, क्लब और छतों सहित किसी भी बंद या खुली स्थान पर नए साल के समारोहों, कार्यक्रमों और सभाएं करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। क्योंकि ऐसे भीड़ वाले स्थानों को ‘आसान निशाना’ समझा जाता है। कोरोना के प्रसार के मद्देनजर मुंबई में सरकार ने खुले या बंद स्थानों पर आयोजनों में लोगों के एकत्रित होने की संख्या 50 तक सीमित कर दी है।
जानिए क्या है नए दिशानिर्देश
पहले विवाह समारोह या सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और धार्मिक सभा में बंद स्थानों में 100 और खुले स्थानों में 250 व्यक्तियों के शामिल होने की अनुमति थी। राज्य सरकार ने गुरुवार रात को जारी नए दिशानिर्देश में इन आयोजनों में शामिल होने वालों की संख्या 50 तक सीमित कर दी है। नए आदेश में यह भी कहा गया है कि अंतिम संस्कार में केवल 20 व्यक्ति ही शामिल हो सकते हैं। महाराष्ट्र में गुरुवार को संक्रमण के 5368 मामले सामने आए, जो एक दिन पहले सामने आए मामलों से 1468 अधिक हैं।
इससे राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 66,70,754 हो गई। राज्य में फिलहाल 18,217 उपचाराधीन रोगी हैं। पिछले 24 घंटे में 1193 कोविड-19 रोगियों को अस्पताल से छुट्टी दी गई जिससे ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 65,07,330 हो गई। महाराष्ट्र में गुरुवार को ओमीक्रोन स्वरूप के 198 नए मामले सामने आए, जिसमें अकेले मुंबई में 190 मामले शामिल हैं, राज्य में कोरोना वायरस के इस नए स्वरूप से संक्रमित होने वालों की संख्या 450 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



