पश्चिम बंगाल में होने वाले कई नगर निकायों के चुनाव के मद्देनजर राज्य में पार्टी नेताओं और कार्यकतार्ओं को उत्साहित करने के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जनवरी 2022 में राज्य के 2 दिवसीय दौरे पर जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक जेपी नड्डा 9 जनवरी को पश्चिम बंगाल जाएंगे। यह भी बताया जा रहा है कि नड्डा राज्य में लगातार दो दिन यानि 9 और 10 जनवरी, 2022 को वहां रहेंगे।
पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान नड्डा राज्य में अगले कुछ महीनों में होने वाले स्थानीय निकायों के चुनाव के मद्देनजर पार्टी के नेताओं और कार्यकतार्ओं में जोश भरने की कोशिश तो करेंगे ही, साथ ही, उनका सबसे बड़ा मिशन कई खेमों में बंटते नजर आ रहे पार्टी संगठन को एकजुट करना ही रहेगा।
दरअसल, पश्चिम बंगाल में हुए विधान सभा चुनाव में मिली हार के बाद से ही पार्टी की राज्य इकाई में घमासान मचा हुआ है। पार्टी के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता लगातार पार्टी को छोड़ रहे हैं। एक तरफ जहां नेताओं का पलायन जारी है तो वहीं दूसरी तरफ राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर तक पार्टी में मतभेद और नाराजगी के सुर भी सुनाई दे रहे हैं।
विधानसभा चुनाव में मिली हार ने BJP का किया बुरा हाल
दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा आलाकमान ने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को हटाकर सितंबर 2021 में लोकसभा सांसद डॉ सुकांता मजूमदार को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया था। हाल ही में कोलकाता नगर निगम चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा ने पार्टी की प्रदेश इकाई में भी बड़ा फेरबदल करते हुए कई पुराने नेताओं को बाहर कर दिया है। इसके बाद नाराजगी के सुर और तेज हो गए हैं।
बेहद अहम साबित हो सकता है यह दौरा
ऐसे में अपनी 2 दिवसीय यात्रा के दौरान नड्डा नवगठित प्रदेश इकाई के नेताओं के साथ बैठक कर आगामी स्थानीय निकायों के चुनावों को लेकर निर्देश देंगे। साथ ही प्रदेश के सभी दिग्गज नेताओं के साथ बैठक कर उनके आपसी मतभेदों को भी दूर करने की कोशिश करेंगे। नड्डा की यात्रा का मकसद राज्य में पार्टी के विस्तार के लिए भविष्य की रणनीति और कार्ययोजना तैयार करना भी है।


Download Android App
Download iOS App



