बड़े बाल एवं लंबी मूंछें रखने पर पुलिस कांस्टेबल हुआ निलंबित, कहा- आत्मसम्मान एवं स्वाभिमान से जुड़ी बात

Summary :

मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़े बाल एवं लंबी मूंछें रखने पर एक पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। मध्य प्रदेश के सहायक पुलिस महानिरीक्षक प्रशान्त शर्मा ने इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी किये।

मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़े बाल एवं लंबी मूंछें रखने पर एक पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। मध्य प्रदेश के सहायक पुलिस महानिरीक्षक प्रशान्त शर्मा ने इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी किये, जो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शर्मा मध्य प्रदेश सहकारी धोखाधड़ी एवं लोक सेवा गारंटी के सहायक पुलिस महानिरीक्षक हैं और यहां पुलिस मुख्यालय में पदस्थ हैं। शर्मा ने रविवार को इस निलंबन की पुष्टि भी की है।
लंबी मूंछें रखने के कारण ससपेंड हुआ पुलिस कांस्टेबल 
उन्होंने कहा कि निलंबित किया गया कांस्टेबल राकेश राणा भोपाल में पुलिस के मोटर ट्रांसपोर्ट पूल (एम टी पूल) में पदस्थ हैं और सहकारी धोखाधड़ी एवं लोक सेवा गारंटी के विशेष पुलिस महानिदेशक के वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। शर्मा ने बताया, ‘‘उसका हुलिया अत्यधिक खराब दिखाई दे रहा है। उसे अपन हुलिया ठीक करने हेतु बाल एवं मूंछ उचित ढंग से कटवाने हेतु निर्देश दिये गये। लेकिन, उसने इस आदेश का पालन नहीं किया एवं बाल एवं मूंछ जस के तस रखने की हठ बनाये रखा।’’
निर्देश मिलने के बाद भी कांस्टेबल ने नहीं कटवाई मूंछ 
उन्होंने कहा कि यह वर्दी नियमों के तहत अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है तथा इस कृत्य का अन्य कर्मचारियों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। आरक्षक चालक 1555 राकेश राणा को अपने टर्न आउट को ठीक करने हेतु बाल एवं मूंछ उचित ढंग से कटवाने के निर्देश दिए गए, लेकिन उन्होंने अपनी मूंछ को हटाने से इंकार कर दिया। शर्मा ने बताया, ‘‘इसलिए राणा को सात जनवरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।’’ 
मेरे आत्मसम्मान एवं स्वाभिमान से भी जुड़ी है मूंछ :राणा 
वहीं, राणा ने एक टीवी चैनल से कहा, ‘‘आज से पहले भी कई पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने मूंछें रखी हैं और देखने में भी आया है कि मूंछों में जवान बहुत अच्छे एवं स्मार्ट लगते हैं। मैं वर्दी में रहता हूं और पिछले एक साल से ड्यूटी कर रहा हूं, लेकिन तब किसी ने कोई सवाल नहीं उठाया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं निलंबन का सामना कर सकता हूं, लेकिन मूंछें नहीं कटवा सकता, क्योंकि यह मेरे आत्मसम्मान एवं स्वाभिमान से भी जुड़ी है।’’

इंदिरा गांधी जैसे डिक्टेटर को भारतीयों ने समुद्र में फेंक दिया, ऐसे ही तेलंगानावासी जानते है यहां किसको फेंकना हैः CM सरमा

Desk Team