भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के पदाधिकारी मोहित काम्बोज ने ‘हिंदू एकता’ की वकालत करते हुए हनुमान चालीसा पाठ की खातिर मंदिरों के ऊपर लाउडस्पीकर लगाने के लिए धनराशि देने की पेशकश की है। काम्बोज ने इसके अलावा मस्जिदों से ‘अवैध’ लाउडस्पीकरों को हटाने की भी मांग की है।
काम्बोज ने कहा कि वह मंदिरों में हनुमान चालीसा के पाठ के लिए मुफ्त में लाउडस्पीकर देने को तैयार हैं। भाजपा नेता ने यह पेशकश महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के मस्जिदों पर तेज आवाज वाले लाउडस्पीकरों को बंद करने के आह्वान के मद्देनजर की है।
राज ठाकरे ने लाउडस्पीकर को लेकर दिया था यह बयान
राज ठाकरे ने शनिवार को यहां शिवाजी पार्क में एक रैली को संबोधित करते हुए यह भी कहा था कि अगर ऐसा कदम नहीं उठाया गया तो मस्जिदों के बाहर लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे और तेज आवाज में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। काम्बोज ने मस्जिदों में लगे ‘‘अवैध’’ लाउडस्पीकरों को हटाने की ठाकरे की मांग का समर्थन किया है।
BJP नेता काम्बोज ने ट्वीट कर कही यह बात
काम्बोज ने सोमवार को हिंदी और मराठी में ट्वीट कर कहा, “जो कोई भी हनुमान चालीसा के पाठ के लिए मंदिरों के ऊपर लाउडस्पीकर लगाना चाहता है, वह हमसे मुफ्त में लाउडस्पीकर मांग सकता है। हिंदू एकता के लिए कोई आवाज होनी चाहिए। जय श्री राम! हर हर महादेव!” गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार पहले ही राजनीतिक दलों से ऐसी टिप्पणी करने से परहेज करने को कह चुकी है जिससे विभिन्न समुदायों के लोगों के बीच विभाजन पैदा हो।



Download Android App
Download iOS App



