पश्चिम बंगाल में 12 अप्रैल को एक लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा और बाबुल सुप्रियो ने सोमवार को अपने-अपने नामांकन दाखिल किये। सिन्हा को आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है, जबकि सुप्रियो को बालीगंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
बाबुल सुप्रियो ने दीदी का किया शुक्रिया अदा
अलीपुर सर्वे बिल्डिंग में नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से मुखातिब सुप्रियो ने कहा, “मैं दीदी (तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी) का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे प्रतिष्ठित बालीगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का मौका दिया। मैं वास्तव में सम्मानित महसूस कर रहा हूं और इस चुनौती को स्वीकार करता हूं।” बालीगंज विधानसभा सीट नवंबर 2021 में तृणमूल विधायक एवं राज्य सरकार में मंत्री सुब्रत मुखर्जी के निधन के बाद खाली हो गई थी।
वहीं, आसनसोल लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि बाबुल सुप्रियो ने बीते साल सितंबर में तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद वहां से भाजपा सांसद के रूप में इस्तीफा दे दिया था। भाजपा के पूर्व नेता सिन्हा ने पश्चिम बर्धमान के जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय में नामांकन दाखिल किया।
BJP पर भड़के शत्रुघ्न सिन्हा
अभिनेता से राजनेता बने सिन्हा ने रविवार को खुद को बाहरी बताने के लिए भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने सवाल किया था कि भगवा दल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी से चुनाव लड़ने का क्या मतलब है। सिन्हा ने कहा था, “अगर मोदी जैसी राष्ट्रीय हस्तियों का कहीं से भी लोकसभा चुनाव लड़ना स्वीकार्य है तो यह बात मेरे मामले में भी लागू होती है।” आसनसोल और बालीगंज में होने वाले उपचुनावों की मतगणना 16 अप्रैल को होगी।


Download Android App
Download iOS App



