पटना : बिहार भाजपा के अध्यक्ष नित्यानंद राय ने राजद और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, ‘देखिए, इन लोगों के एविल-डिज़ाइन को समझना होगा। आज का बंद किन लोगों ने बुलाया था? और क्यों? जब हमारी केन्द्र सरकार ने राज्यसभा में स्पष्ट कहा था कि कानूनी रास्ता यदि नहीं निकला तो हम अध्यादेश लाएंगे, फिर इस पर हंगामे की जरूरत ही क्या थी? सरकार ने पहले भी कहा था कि हम किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
फिर माननीय एचआरडी मिनिस्टर ने आज भी स्पष्ट बयान दिया है कि दो-तीन दिनों के भीतर अध्यादेश लाकर इसका पूरा समाधान कर दिया जाएगा, फिर ये सड़कों पर बावेला किसके लिए? नित्यानंद राय ने कहा, ‘दरअसल, पूरा विपक्ष मुद्दाविहीन और हताश हो चुका है। अभी माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में पाकिस्तान को जब मुंहतोड़ जवाब मिला, तो ये अपनी सेना पर सवाल उठाने लगे, ये पाकिस्तान की भाषा बोलने लगे।
अभी जब देश बलिदानियों के लिए बिलख रहा था, तो इन्होंने एक आधारहीन बात को, बेमतलब के आरोप को लेकर पूरे देश को ही ठप करना चाहा। कौन नहीं जानता है कि बंद के नाम पर आरजेडी कितनी अराजकता पैदा करता है? आज सीबीएसई की परीक्षा भी थी…बच्चों को रोककर, एंबुलेंस को बाधित कर आखिर कौन सा सामाजिक न्याय हो रहा है? ’ बिहार भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार समाज के वंचित- शोषित तबके के कल्याण के लिये सतत कृतसंकल्पित है। कम से कम विपक्ष को संसदीय राजनीति का तकाजा समझना चाहिए और सरकार के सदन के पटल पर दिए गए बयान की गंभीरता भी समझना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



