‘रामधुन’ पर शुरू हुई राजनीति, नरोत्तम ने कसा कांग्रेस पर तंज- दिग्विजय के खिलाफ फतवा ना जारी कर दें सोनिया

Summary :

मध्यप्रदेश में आज ‘रामधुन’ पर हो रही राजनीति के बीच नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी रामधुन गाने पर कहीं दिग्विजय सिंह के खिलाफ फतवा ना जारी कर दें।

मध्यप्रदेश में आज ‘रामधुन’ पर हो रही राजनीति के बीच राज्य के गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी रामधुन गाने पर कहीं दिग्विजय सिंह के खिलाफ फतवा ना जारी कर दें।
नरोत्तम मिश्रा ने अपने ट्वीट में बिना किसी का नाम लिए कहा- अच्छा है ‘चचाजान’ अब रामधुन गाएंगे। इसके बाद उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि दिग्विजय सिंह को एक बात ध्यान में रखनी चाहिए कि रामधुन गाने पर कहीं सोनिया गांधी या राहुल गांधी उनके खिलाफ फतवा नहीं जारी कर दें।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह आज अपनी पूर्व घोषणा के अनुरूप भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रामेश्वर शर्मा के निवास तक पदयात्रा कर रहे हैं। इसके बाद वे शर्मा के शासकीय निवास पर रामधुन में शामिल होंगे। पिछले दिनों विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र भोपाल के हुजूर में एक कार्यक्रम में कहा था कि इस इलाके में आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घुटने तोड़ दिए जाएंगे। 
इसका विरोध करते हुए दिग्विजय सिंह ने शर्मा को चुनौती देते हुए कहा था कि वे 24 नवंबर को भोपाल में शर्मा के निवास पर जाएंगे। उन्होंने कहा था कि वे लोग अहिंसक हैं और इसका विरोध अहिंसक तरीके से करते हुए रामधुन करेंगे।

Desk Team