रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय पटसारा में लापरवाही एवं सालभर से बंद मध्याह्न भोजन पर नाराजगी जाहिर करते हुए पलामू के डीएसई को बर्खास्त करने का आदेश दिया। इस दौरान छतरपुर के बीईईओ के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की सचिव को निर्देश दिया कि जिले के सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें डायरी उपलब्ध कराई जाए ताकि उनकी रोजाना की गतिविधि की जानकारी मिल सके।
मुख्यमंत्री सूचना भवन सभागार में आयोजित सीधी बात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में दर्ज शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। गढ़वा जिले में गोपीनाथ सिंह महिला महाविद्यालय एवं गोपीनाथ सिंह इंटर महाविद्यालय एक ही भवन में संचालित है। इसके बावजूद एक ही भवन को कभी महिला महाविद्यालय तो कभी इंटर महाविद्यालय दिखाकर अनुदान प्राप्त करने में अनियमितता बरती गई है।
मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा स्कूली शिक्षा विभाग के सचिव को संयुक्त रूप से इसकी जांच कर 15 दिनों में रिपोर्ट देने का आदेश दिया। इस दौरान आवेदक को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह जागरूक रहकर भष्टाचार का खुलासा करें।
मुख्यमंत्री ने रांची जिले के रातू प्रखंड में मुर्चू मोड़ से बनापीरि जामुन मोड़ तक बनाई गई सड़क में अनियमितता को लेकर टीम भेजकर विस्तृत जांच कराने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सभी विभागों के प्रधान सचिवों को हिदायत दी कि जांच के नाम पर खानापूर्ति न की जाए। इसे गंभीरता से लें।


Download Android App
Download iOS App



