साहेबगंज, (वार्ता): झारखंड के कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि गांवों के विकास से ही देश का विकास संभव है और गांव के विकास के लिए सखी मंडल सबसे सशक्त माध्यम है। श्री सिंह ने यहां मुख्यमंत्री सखी मंडल स्मार्टफोन योजना के तहत सखी मंडलों, स्वयं सहायता समूहों को स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम के दौरान सखी मंडल को संबोधित करते हुए कहा कि सखी मण्डल की बहनों की ताकत और ग्राम विकास के लिए उनकी ललक ने आज इन्हें ग्राम विकास का नया वाहक बना दिया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को स्मार्ट फोन देकर उन्हें मोबाइल एडवाइजरी सर्विस से जोड़ा जा रहा है ताकि ध्वनि संदेश के माध्यम से उनको सरकारी योजनाओं, खेती से संबंधित जानकारी तथा मौसम की जानकारी मिल सके। सखी मण्डल की बहनें स्मार्ट फोन का प्रशिक्षण प्राप्त कर, उसे एक माध्यम के रूप में लेकर ग्रामीण विकास में अपनी भूमिका निभाएंगी। कृषि मंत्री ने कहा कि स्मार्ट फोन योजना गांव में कैशलेस को बढ़ावा देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजीटल इंडिया एवं कैशलेस इंडिया के सपने को धरातल पर लाने में अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
उन्होंने कहा कि गांव में लेस कैश इकॉनोमी यानि कम नकदी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए झारखण्ड सरकार सखी मण्डलों को स्मार्ट फोन उपलब्ध करा रही है। इससे सखी मंडलों द्वारा डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं गांव के लोगों को भी कैशलेस ट्रांजेक्शन करने में तकनीकी मदद मिलेगी और ग्रामीण इलाकों में भी नकद रहित अर्थव्यवस्था स्थापित हो जाएगी। सखी मण्डल की महिलाएं स्मार्ट फोन का इस्तेमाल कर खुद के अलावा ग्रामीणों को भी भीम एप्प से जोड़कर डिजिटल गांव की कदम बढ़ाने में मदद करेंगी।


Download Android App
Download iOS App



