मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक व्यक्ति ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेत्री को राष्ट्रीय स्तर पर पद दिलाने के नाम पर ठगी करने की कोशिश की। महिला नेत्री की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा की नेत्री और जिला मंत्री अमिता बागरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पास कृष्णा सिंह नामक व्यक्ति ने फोन किया और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग में सदस्य बनाने का प्रलोभन दिया। कृष्णा ने अपने को एक राष्ट्रीय स्तर के नेता से जुड़ा होना भी बताया।
विधायक का टिकट दिलाने के एवज में की 20 से 25 लाख की मांग
अमिता बागरी अपने कुछ साथियों के साथ जब कृष्णा से मिलने होटल पहुंची तो उसने उनसे पद के एवज में रकम की मांग की, जब बात नहीं बनती दिखी तो कृष्णा ने उनसे अभद्रता कर दी। भाजपा नेत्री द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत में कहा गया है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली नेता का करीबी बता रहा था और पद दिलाने का प्रलोभन भी दे रहा था। होटल में आरोपी ने कमरे में अकेले आने को कहा और विधायक का टिकट दिलाने के एवज में 20 से 25 लाख रुपए की मांग की। उसने पद पाने के लिए कंप्रोमाइज करने के लिए भी कहा। इसी दौरान उसने हाथ भी पकड़ा और अभद्रता की कोशिश की।
कृष्णा सिंह ने खुद को बताया ग्वालियर का पदाधिकारी
आरोपी कृष्णा सिंह ने खुद को पहले ग्वालियर का पदाधिकारी बताया और उसके बाद तरह-तरह की बातें करता रहा। जब भाजपा नेत्री को शक हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी कर ली है। अमिता बागरी की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में यह भी कहा है कि कृष्णा सिंह नाम के व्यक्ति ने और भी अन्य भाजपा महिला नीत्रियों से भी फोन पर बात की और उन्हें तरह-तरह के प्रलोभन दिए है।


Download Android App
Download iOS App



