महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिये सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना के मध्य सीट बंटवारे को लेकर बढ़ती बैचैनी के बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि यहां (महाराष्ट्र) में सीटों का बंटवारा भारत और पाकिस्तान के बंटवारे से भी भयंकर है। बता दें कि राज्य में विधानसभा की 288 सीटें हैं।
संजय राउत ने कहा, “इतना बड़ा महाराष्ट्र है, ये जो 288 सीटों का बंटवारा है ये भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से भी भयंकर है। अगर हम सरकार में रहने के बजाए विपक्ष में बैठे होते तो आज तस्वीर कुछ और होती। सीटों के मुद्दे पर हम जो भी फैसला करेंगे, उसके बारे में आपको जानकारी दे दी जाएगी।”

गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था कि दोनों दलों (भाजपा-शिवसेना ) में एक फॉर्मूले पर काम लगभग पूरा हो चुका है और ‘अगले 24 घंटे’ अहम हैं। उन्होंने कहा था, “सीट-बंटवारे को लेकर फॉर्मूले पर काम लगभग पूरा हो चुका है। यह अंतिम चरण में है। सेना अपनी जबान की पक्की है। शिवसेना अपने वादे की पक्की है। जब लोकसभा चुनाव होने थे (इस साल अप्रैल-मई में), सीट-बंटवारे के लिए कुछ व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया था।” आपको बता दें कि महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को मतदान होना है और 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किये जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



