केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने सोमवार को कहा कि अपने 4 सहकर्मियों की गोली मारकर हत्या करने और तीन अन्य को घायल करने वाला जवान कथित तौर पर ‘‘भावनात्मक तनाव’’ से गुजर रहा था, जिस वजह से अचानक उसने मनोवैज्ञानिक असंतुलन खो दिया। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के बस्तर क्षेत्र में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 50वीं बटालियन के एक शिविर में जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर एके-47 राइफल से गोली चला दी थी।
CRPF ने घटना का कारण पता लगाने के लिए दिए जांच के आदेश
जिससे 4 जवानों की मौत हो गई है जबकि 3 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों और जवानों ने आरोपी जवान को किसी तरह काबू में किया। सीआरपीएफ के एक प्रवक्ता ने कहा,‘‘स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने घटना के कारण का पता लगाने और उपचारात्मक उपाय के सुझाव देने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।’’
भावानात्मक तनाव होने की जताई जा रही संभावना
उन्होंने कहा,‘‘प्रथम दृष्टया, ऐसा प्रतीत होता है कि किसी भावानात्मक तनाव के कारण कॉन्स्टेबल रितेश रंजन ने अचानक मनोवैज्ञानिक असंतुलन खो दिया और गुस्से में आकर अपने कर्मियों पर गोलियां चला दीं।’’ उन्होंने बताया किसीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी), 50वीं बटालियन (जहां गोलीबारी हुई) के कमांडेंट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद हैं। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सभी घायलों को आवश्यक उपचार मुहैया करा दिया गया है।’’ जिन घायलों को अतिरिक्त उपचार की आवश्यकता है उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



