सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा में अनुबंध पर कार्यरत बीपीएम को कार्य में लापरवाही के आरोप में उनका अनुबंध समाप्त करने का निर्देश मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल ने दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा में लापरवाही की शिकायतों की जांच उपायुक्त द्वारा एसडीओ से करवाने के बाद सिविल सर्जन द्वारा दोबारा जांच कराने पर सवाल उठाया, कहा कि यह मामले को उलझाने की प्रवृति है, इसे बंद करें।
एसडीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक से पूछे गए स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने को गंभीरता से लेते हुए उनसे एक सप्ताह में स्पष्टीकरण लेने को कहा। मामले की दोबारा जांच के संबंध में सिविल सर्जन से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया। नोडल पदाधिकारी को स्पष्टीकरण के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया। मुख्यमंत्री के सचिव सूचना भवन में मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में आईं शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा कर रहे थे। कुल 12 शिकायतों की समीक्षा की गई।


Download Android App
Download iOS App



