झारखंड के खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मुठभेड़ में पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने पीएलएफआई के 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली जीदन गुड़िया को मार गिराया। गुड़िया, प्रतिबंधित नकसली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) का दूसरा शीर्ष रिजनल कमांडर था। पुलिस ने घटनास्थल से एके 47 राइफल भी बरामद की।
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता साकेत कुमार सिंह ने बताया, ‘‘गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र के कोयंगसार में सोमवार को नक्सली संगठन पीएलएफआई के शीर्ष कमांडरों को घेर लिया। इसके बाद मुठभेड़ में संगठन का रिजनल कमांडर जीदन गुड़िया मारा गया और उसके पास से एक एके 47 राइफल एवं अन्य गोलाबारूद बरामद किये गये।’’
उन्होंने बताया कि अंतिम सूचना मिलने तक मुठभेड़ जारी है और मुठभेड़ खत्म होने के बाद पूरे क्षेत्र की तलाशी ली जायेगी।गुड़िया सौ से अधिक नक्सली वारदात में शामिल था और लंबे समय से सुरक्षा बल उसकी तलाश कर रहे थे। आशंका है कि मुठभेड़ के दौरान पीएलएफआई का शीर्ष कमांडर दिनेश गोप और कुछ अन्य नक्सली भी मौजूद थे, लेकिन घने जंगलों का लाभ उठाकर वे मुठभेड़ स्थल से भागने में सफल रहे। जीदन गुड़िया के खिलाफ खूंटी, चाईबासा, गुमला, रांची समेत कई जिलों के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।


Download Android App
Download iOS App



