पूर्वी असम के तिनसुकिया जिले में शुक्रवार को ग्रेनेड हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिगबोई कस्बे के टिंगराई बाजार में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक हार्डवेयर की दुकान के सामने ग्रेनेड फेंका। विस्फोट में 25 वर्षीय संजीब सेन की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने बाजार पहुंचे और क्षेत्र में घेरा डाला और अपराधियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ग्रेनेड हमले की निंदा की और पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत से घटना की जांच करने को कहा है। असम के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ट्वीट कर कहा, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने डिगबोई के टिंगराई मार्केट में ग्रेनेड विस्फोट पर चिंता व्यक्त की और डीजीपी से इस घटना से सख्ती से निपटने और बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए कहा है।

इस सप्ताह की शुरूआत में, मंगलवार को उसी जिले में एक 12 वर्षीय लड़के की ग्रेनेड विस्फोट में मौत हो गई थी। तिनसुकिया के पुलिस अधीक्षक वैभव निंबालकर ने कहा था कि सड़क किनारे पड़ा ग्रेनेड अचानक उस समय फट गया जब सुजॉय हाजोंग जगुन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाजोंग गांव में अपनी साइकिल से जा रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



