तेलंगाना सरकार का सरकारी कर्मचारियों को तोहफा, वेतन में 30 प्रतिशत फिटमेंट लाभ के साथ किया यह ऐलान

Summary :

तेलंगाना सरकार ने सोमवार को सभी सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के वेतन मे 30 प्रतिशत फिटमेंट के साथ वृद्धि की घोषणा की। साथ ही सेवानिवृत्ति उम्र 58 से बढ़ाकर 61 कर दी।

तेलंगाना सरकार ने सोमवार को सभी सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के वेतन मे 30 प्रतिशत फिटमेंट के साथ वृद्धि की घोषणा की। साथ ही सेवानिवृत्ति उम्र 58 से बढ़ाकर 61 कर दी। मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने विधानसभा में इस आशय की घोषणा की। 
उन्होंने कहा कि इससे करीब 9.17 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ होगा। इसमें ठेका कर्मचारी और आउटसोर्सिंग कर्मचारी भी शामिल है। इन सभी के वेतन में एक अप्रैल, 2021 से वृद्धि होगी। साथ ही उन्होंने सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिये सेवानिवृत्ति उम्र 58 से बढ़ाकर 61 किये जाने की घोषणा की।
राव ने कहा, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी है कि राज्य के सभी कर्मचारियों और शिक्षकों को वेतन में 30 प्रतिशत फिटमेंट वृद्धि की जाएगी। इस आदेश को एक अप्रैल, 2021 से लागू किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है और राजकोषीय घाटे में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण 11वीं वेतन समीक्षा में देरी हुई है।
उधर, तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 337 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,03,455 हो गई है। इसके अलावा दो रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 1,671 तक पहुंच गई है। सरकारी बुलेटिन में 21 मार्च रात आठ बजे तक के आंकड़े दिये गए हैं, जिसके मुताबिक राज्य में कुल 2,958 रोगियों का इलाज चल रहा है।

Desk Team