ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए प्रकार (स्ट्रेन) के संक्रमण को लेकर चिंताओं के बीच इस मुल्क से पिछले एक पखवाड़े में इंदौर लौटे 33 यात्रियों को स्वास्थ्य विभाग ने अपनी निगरानी में रखा है। इस बात की जानकारी विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को दी।
इस महामारी की रोकथाम के लिए जिले के नोडल अधिकारी अमित मालाकार ने बताया, “सरकार से हमें इंदौर के ऐसे 33 लोगों की सूची मिली है जो पखवाड़े भर में ब्रिटेन से लौटे हैं। उनसे कहा गया है कि इंदौर आगमन के बाद 15 दिनों तक वे अपने घर में पृथक-वास में रहें।”
उन्होंने बताया, “इन यात्रियों की सेहत पर हमारी निगाह बनी हुई है। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत इनके नमूने लेकर आरटी-पीसीआर पद्धति से कोविड-19 की जांच भी कराई जा रही है।”
गौरतलब है कि इंदौर, राज्य में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक करीब 35 लाख की आबादी वाले जिले में 24 मार्च से लेकर 22 दिसंबर तक महामारी के कुल 52,660 मरीज मिले हैं। इनमें से 847 मरीजों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



