मध्यप्रदेश के दो बीजेपी विधायकों द्वारा एक विधेयक पर कमलनाथ नीत कांग्रेस सरकार का साथ देने के अगले दिन राज्य सरकार के नदी संरक्षण न्यास के प्रमुख कंप्यूटर बाबा ने गुरुवार को दावा किया कि प्रमुख विपक्षी दल के चार और विधायक पाला बदलने पर विचार कर रहे हैं।
नर्मदा, क्षिप्रा और मन्दाकिनी नदी न्यास के अध्यक्ष कंप्यूटर बाबा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘राज्य की कांग्रेस सरकार में शामिल होने की जिज्ञासा रखने वाले बीजेपी के चार विधायक मेरे संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ जब कहेंगे, तब हम इन विधायकों को आपके (मीडिया के) सामने पेश कर देंगे।’
सरकार के शक्ति परीक्षण के बाद MP की राजनीति में उथल-पुथल, BJP नेताओं की आज होगी बैठक
गौरतलब है कि प्रदेश विधानसभा में बुधवार शाम दंड विधि (मध्य प्रदेश संशोधन) विधेयक 2019 के पक्ष में बीजेपी के दो सदस्यों सहित कुल 122 विधायकों ने मतदान किया था। विधेयक को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार का समर्थन करने वाले बीजेपी के इन विधायकों में नारायण त्रिपाठी (मैहर) और शरद कौल (ब्यौहारी) शामिल हैं।
कंप्यूटर बाबा का असली नाम नामदेव दास त्यागी है और वह एक जमाने में बीजेपी की प्रदेश इकाई के नजदीक माने जाते थे। बहरहाल, मीडिया के बार-बार पूछने के बावजूद कंप्यूटर बाबा ने बीजेपी के उन विधायकों के किसी भी ब्योरे का खुलासा नहीं किया, जिनके बारे में उनका दावा है कि वे पाला बदलने के संबंध में उनके संपर्क में हैं।
पिछले महीने नदी संरक्षण न्यास के अध्यक्ष का पदभार संभालने वाले धार्मिक नेता ने कहा, ‘सही समय आने पर उन विधायकों का नाम भी पता चल जाएगा। अभी मैं आपको सिर्फ इतना बता सकता हूं कि ये विधायक भी मुझ जैसे साधु-संतों की तरह बीजेपी की कार्यशैली से नाराज हैं।’


Download Android App
Download iOS App



