ओडिशा के विकलांग कल्याण केंद्र में चलाए जा रहे सेक्स रैकेट में 5 और गिरफ्तार

Summary :

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के पलासपल्ली इलाके में स्थित ऑल ओडिशा आर्थोपेडिक विकलांग कल्याण एसोसिएशन केंद्र में चलाए जा रहे सेक्स रैकेट के संबंध में पुलिस ने रविवार को पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है।

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के पलासपल्ली इलाके में स्थित ऑल ओडिशा आर्थोपेडिक विकलांग कल्याण एसोसिएशन केंद्र में चलाए जा रहे सेक्स रैकेट के संबंध में पुलिस ने रविवार को पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस की ओर से इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। 
इससे पहले पुलिस ने उक्त सेंटर की एक महिला प्रशिक्षक और प्रशिक्षण केंद्र के महासचिव एस सी बेहरा को गिरफ्तार किया था। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त उमाशंकर दास ने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपियों को सोमवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। इन गिरफ्तार लोगों में जिला सामाजिक कल्याण कार्यालय का एक क्लर्क, प्रशिक्षण केंद्र के दो कर्मचारी, भुवनेश्वर का एक दलाल और कटक की एक महिला शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे जांच के लिए पुलिस पहले महासचिव को और बाद में अन्य को रिमांड पर लेगी। पुलिस इस सेक्स रैकेट के काम करने के तरीकों तथा इस मामले में जो अन्य लोग सम्मिलित है, उनका खुलासा करने की कोशिश में जुटी हुई है। 
यह मामला तब सामने समय जब केंद्र की एक पूर्व कर्मचारी ने सेंटर के महासचिव पर सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगाया और साथ ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर दिया। दिव्यांगजनों के लिए राज्य आयोग ने 25 जनवरी को इस घटना का संज्ञान लेने के बाद जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में लोगों की गिरफ्तारियां शुरू की।

Desk Team