केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यहां के दौरे के 48 घंटे बाद भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कम से कम 7 पार्षदों ने पार्टी छोड़ शिवसेना का दामन थाम लिया। पार्टी के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सातों पार्षद वैभववाड़ी नगर पंचायत से हैं, जो वर्तमान में भाजपा के राज्यसभा सांसद और पार्टी के मजबूत नेता नारायण राणे के समर्थकों द्वारा शासित है।
कुछ पार्षदों ने आरोप लगाया कि वे भाजपा को छोड़ रहे हैं क्योंकि वे राणे परिवार के सदस्यों द्वारा किए जा रहे ‘उत्पीड़न’ को और नहीं सहन कर सकते। इन 7 पार्षदों के मुंबई में शीघ्र ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में शिवसेना में शामिल होने की उम्मीद है। कांकावली भाजपा विधायक नितेश राणे ने ठाकरे को व्यंग्यात्मक लहजे में एक सोशल मीडिया वीडियो पोस्ट में कहा, “प्रिय उद्धवजी, हैप्पी वेलेंटाइन डे!”
उन्होंने कहा, “शिवसेना हमारा पुराना प्यार है ..यह कहा जाता है कि आपको अपने बिछड़े प्यार को कभी नहीं भूलना चाहिए.. हमारे आदर्श हमेशा दिवंगत हिंदू हृदय सम्राट बाला साहेब ठाकरे थे .. हम कल भी उनका सम्मान करते थे, आज भी करते हैं और भविष्य में भी करेंगे।” उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना अलग-थलग न हो जाए, भाजपा ‘इन 7 पार्षदों’ को भेज रही है।
नीतीश राणे ने कहा, “इसके अलावा, सीएम ठाकरे ने हमारे मेडिकल कॉलेज की फाइलों को तुरंत मंजूरी दे दी थी (जिसका उद्घाटन 7 फरवरी को शाह ने किया था) हम उन्हें अभी कुछ भी देने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन हम इन 7 पार्षदों को गिफ्ट कर रहे हैं। हम उनसे इन्हें स्वीकार करने का विनम्र निवेदन करते हैं।” सातों दलबदलू नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिंधुदुर्ग में शिवसेना ऐसी स्थिति में है कि उसके पास वैभववाड़ी नगर पंचायत चुनावों के लिए नामांकन भरने के लिए कोई उम्मीदवार नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



