मध्यप्रदेश के दमोह जिले में मंगलवार को बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से तीन अलग-अलग घटनाओं में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित सात लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
दमोह जिले के पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान ने बताया कि दमोह जिले में आज आकाशीय बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हुई है। ये घटनाएं जिले के तीन अलग-अलग गांवों में हुई हैं। उन्होंने कहा कि तेजगढ़ पुलिस थानांतर्गत ग्राम छोटी लमती गांव में एक खेत में काम कर रहे लोगों पर मंगलवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल हुआ है। इनमें ड़वा गांव के लखन यादव (35), उसकी पत्नी सावित्री बाई (32) एवं उनके बेटे नरेंद्र (7) और ग्राम छोटी लमती निवासी जालम पुत्र रामलाल आदिवासी (21) एवं प्रेमबाई आदिवासी (50) शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में लखन यादव का दूसरा बेटा छोटू यादव (12) गंभीर रूप से घायल हुआ है। चौहान ने बताया कि हादसे के वक्त ये सभी लोग खेत में काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पटेरा पुलिस थाना अंतर्गत ग्राम सतरिया में वज्रपात होने से प्रीतम (38) की मौत हुई है, जबकि कुंवरपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से गोपाल पटेल (48) की भी आज मौत हो गई।


Download Android App
Download iOS App



