अहमदाबाद के कोविड अस्पताल में आग लगी, 8 कोरोना मरीजों की मौत, CM रूपानी ने जांच के दिए आदेश

Summary :

जानकारी के मुताबिक अस्पताल में आग रात तीन बजे लगी। इसके बाद तुरंत दमकल की गाड़ियों और दस एम्बुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया।

अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके के कोविड-19 अस्पताल में आग लग गई है। इस घटना में 8 कोरोना मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। आग शहर के नवरंगपुरा इलाके में स्थित श्रेय अस्पताल के आईसीयू वॉर्ड में लगी है।
अधिकारी के अनुसार, अस्पताल में आग लगने के बाद 40 मरीजों को बचाया गया है। सभी को पास के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, अभी तक अस्पताल में आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। 


हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संवेदना प्रकट करते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘अहमदाबाद के अस्पताल में आग लगने की घटना से दुखी हूं। मृतकों के परिजन के प्रति संवेदना। हादसे में घायल लोग जल्दी ही स्वस्थ हों। स्थिति के बारे में सीएम विजय रुपाणी जी और अहमदाबाद के मेयर बिजाल पटेल जी से बात की। प्रभावित लोगों को प्रशासन सभी संभावित मदद मुहैया करा रहा है।’

राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने अहमदाबाद के श्रेय अस्पताल में आग लगने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। संगीता सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह विभाग) जांच का नेतृत्व करेंगी। सीएम ने 3 दिन में रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।  जानकारी के मुताबिक अस्पताल में आग रात तीन बजे लगी। इसके बाद तुरंत दमकल की गाड़ियों और दस एम्बुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया। 

Desk Team