लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद पार्टी की गुजरात इकाई रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का अभिनंदन करेगी। चुनाव नतीजे आने के बाद अपने गृह राज्य की प्रथम यात्रा के दौरान मोदी अपनी मां हीराबेन से यहां उनके आवास पर आशीर्वाद लेंगे।
प्रदेश भाजपा प्रमुख जीतू वघानी ने कहा कि मोदी और शाह रविवार शाम अहमदाबाद पहुंचेंगे और वे खानपुर इलाका स्थित पार्टी कार्यालय जाएंगे, जहां उनका अभिनंदन किया जाएगा। वघानी ने कहा, ‘‘समूचे देश और दुनिया से जुड़े हमारे अपने नरेंद्रभाई हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कल अपने गृह राज्य का दौरा करेंगे…।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मोदी और शाह शाम पांच बजे अहमदाबाद हवाईअड्डा पहुंचेंगे और पार्टी के नेता, समर्थक और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रमुख उनकी अगवानी करेंगे। मोदी हवाईअड्डा के पास सरदार पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। वहां से वे खानपुर कार्यालय जाएंगे।
भाजपा की प्रदेश इकाई उनका अभिनंदन करेगी और बाद में वे पास स्थित जेपी चौक पर समर्थकों को संबोधित करेंगे। ’’ मोदी अगली सुबह दिल्ली के लिए रवाना जो जाएंगे, जिसके बाद उनका अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी जाने का कार्यक्रम है।’’ प्रधानमंत्री ने शनिवार सुबह ट्वीट किया, ‘‘अपनी मां का आशीर्वाद लेने के लिए कल शाम गुजरात जाउंगा। अपना भरोसा मुझ पर जताने को लेकर इस महान भूमि के लोगों को धन्यवाद देने के लिए उसकी अगली सुबह मैं काशी में होउंगा।’’


Download Android App
Download iOS App



