हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा के लिए चुनाव होने की सम्भावना है। चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से चुनावी हुंकार भरते हुए बीजेपी पर हमला बोला।
हिमाचल के सीएम के 125 यूनिट बिजली मुफ्त के वादे पर कटाक्ष करते हुए आप संयोजक केजरीवाल ने शनिवार को रैली में कहा कि लगता है जय राम ठाकुर मेरी किताब से नकल कर रहे हैं लेकिन उसमें भी वे कामयाब नहीं हो पाए। क्योंकि हमने दिल्ली और पंजाब में 300 यूनिट बिजली फ्री की, वो सिर्फ 125 यूनिट ही कर पाए। इसलिए कहते हैं कि नकल के लिए भी अकल चाहिए।
बीजेपी और कांग्रेस ने हिमाचल को लूटा
अरविंद केजरीवाल ने कहा, कल जयराम ठाकुर जी ने ट्वीट कर कहा हिमाचल में दिल्ली मॉडल नहीं चलेगा। दिल्ली मॉडल का मतलब ईमानदार सरकार है, मैं आपसे पूछता हूं कि हिमाचल में आपको ईमानदार सरकार चाहिए या नहीं चाहिए?
उन्होंने कहा, बीजेपी और कांग्रेस ने लूटने की कोई कसर नहीं छोड़ी, आज हिमाचल प्रदेश की जो हालत है वो बीजेपी और कांग्रेस की वजह से है। अभी दोनों पार्टियां मिलकर मुझे गालियां दे रही है। मैंने हिमाचल प्रदेश को नहीं लूटा है आप लोगों (बीजेपी-कांग्रेस) ने लूटा है।
केजरीवाल ने हिमाचल CM को दिया दिल्ली के स्कूलों में विजिट का न्यौता
आप संयोजक ने कहा, “मैं हिमाचल प्रदेश के लोगों और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को वहां के सरकारी स्कूलों को देखने के लिए दिल्ली आने का न्योता देता हूं। आम आदमी पार्टी की सरकार आने से पहले दिल्ली के सरकारी स्कूलों का बुरा हाल था। लेकिन आज दिल्ली के सरकारी स्कूलों को देखो।”
केजरीवाल ने कहा, मैंने सुना है कि वे (बीजेपी) हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव जल्दी कराएंगे। ‘नया हिमाचल प्रदेश’ बनाने का समय आ गया है। मैं बीजेपीऔर कांग्रेस के सभी अच्छे लोगों से अपनी पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने का आग्रह करता हूं। मैं इस राज्य के लोगों से आप को एक मौका देने का अनुरोध करता हूं।


Download Android App
Download iOS App



