अभिनेत्री कंगना रनौत ने शनिवार को कहा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गयी हैं और घर पर पृथक वास कर रही हैं।रनौत (34) ने कोविड-19 से संक्रमित होने की खबर इंस्टाग्राम पर साझा की। टि्वटर ने इस हफ्ते नियमों के लगातार उल्लंघन के लिए अभिनेत्री का अकाउंट स्थायी रूप से निलंबित कर दिया था।
अभिनेत्री ने लिखा, ‘‘मैं पिछले कुछ दिनों में आंखों में हल्की जलन के साथ ही थकान और कमजोरी महसूस कर रही थी। मैं हिमाचल जाने की योजना बना रही थी इसलिए मैंने कल जांच कराई और आज रिपोर्ट में मैं कोविड-19 से संक्रमित पायी गयी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपने आप को पृथक कर लिया है, मुझे पता नहीं था कि यह वायरस मेरे शरीर में घुस गया है।’’कोविड-19 को ‘‘थोड़े वक्त का फ्लू’’ बताते हुए रनौत ने कहा कि वह अपने शरीर से इस वायरस को ‘‘खत्म’’ करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अब मैं जानती हूं कि मैं इसका खात्मा कर दूंगी, कृपया अपने ऊपर किसी ताकत को हावी न होने दें। अगर आप डरेंगे तो यह आपको और डराएगा, आइए इस कोविड-19 का खात्मा करें। यह कुछ नहीं बल्कि थोड़े वक्त का एक फ्लू है जो कुछ लोगों पर मानसिक दबाव डाल रहा है।’’मुंबई में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 3,040 नए मामले आए और 71 लोगों की मौत हो गई।


Download Android App
Download iOS App



