भोपाल : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस वीडियो संदेश में चौहान के पीछे की तरफ पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी की तस्वीर नजर आ रही है। इस वीडियो में आडवाणी की तस्वीर की मौजूदगी को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों को वीडियो संदेश के जरिए मकर संक्रांति की बधाई देते हुए कहा, सभी देश और प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं। आज से सूर्य उत्तरायण हो जाएंगे। इस काल को पुण्य, शुभ और पवित्र काल माना जाता है। कहते हैं ये काल भगवान का काल माना जाता है।
इसलिए मैं आप सब बहनों और भाइयों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।चौहान के इस वीडियो संदेश में भाजपा के वरिष्ठ नेता आडवाणी की तस्वीर नजर आ रही है। इसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। अरसे बाद ऐसा मौका सामने आया है जब किसी नेता के पीछे सिर्फ आडवाणी की तस्वीर नजर आई है।
चौहान की गिनती हमेशा से ही आडवाणी के करीबियों में होती रही है। चौहान लगभग 13 साल तक राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाले रहे। पार्टी के सत्ता से बाहर होने के बाद चौहान नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में रहे, मगर उन्हें उसमें सफलता नहीं मिली। चौहान केंद्र की राजनीति में जाने के लिए तैयार नहीं थे उसके बावजूद उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। अब चौहान के वीडियो संदेश में आडवाणी की तस्वीर नजर आना पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को जाहिर कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



