मध्य प्रदेश में बर्ड फ्लू के मद्देनजर आगर का कुक्कुट बाजार 7 दिनों के लिए हुआ बंद

Summary :

मध्य प्रदेश में बर्ड फ्लू का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। अब तक 13 जिलों में हुई कौओं की मौत की वजह बर्ड फ्लू पाई गई है।

मध्य प्रदेश में बर्ड फ्लू का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। अब तक 13 जिलों में हुई कौओं की मौत की वजह बर्ड फ्लू पाई गई है। इसी क्रम में आगर मालवा जिले के कुक्कुट बाजार को आगामी 7 दिनों के लिए एहतियातन बंद कर दिया गया है। बताया गया है कि प्रदेश में अब तक 13 जिलों- इंदौर, मंदसौर, आगर, नीमच, देवास, उज्जैन, खंडवा, खरगोन, गुना, शिवपुरी, राजगढ़, शाजापुर, विदिशा में कौओ में बर्ड फ्लू रोग की पुष्टि हो चुकी है। 
अब तक 27 जिलों से लगभग 1100 कौओं एव जंगली पक्षियों की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से 32 सैंपल राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा रोग अनुसंधान प्रयोगशाला भोपाल को जांच के लिए भेजा गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आगर में कुक्कुट बाजार की दुकानों से लिए गए एक सैंपल में बर्ड फ्लू वायरस पाए जाने के बाद यहां कुक्कुट बाजार को सतर्कता एवं सावधानी की दृष्टि से आगामी 7 दिनों तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही मुर्गियों एंव अंडो आदि के विनिष्टीकरण की कार्यवाही की जा रही है ताकि रोग संक्रमण के फैलाव से रोका जा सके। 
इसके अलावा सीहोर, बालाघाट, दमोह, उज्जैन, बैतुल, भिंड से राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा रोग अनुसंधान प्रयोगशाला भोपाल को भेजे गए नमूनों में बर्ड फ्लू वायरस नहीं पाया गया है।  बता दें कि पूर्व में इंदौर और नीमच जिले में बर्ड फ्लू से प्रभावित क्षेत्र के आस-पास कुक्कुट बाजार आदि को सतर्कता एवं सावधानी की दृष्टि से अगले 7 दिनों के लिये बंद किया गया है। अब कुल मिलाकर 3 जिलों में कुक्कुट बाजार को 7 दिनों के लिए एहतियाती तौर पर बंद किया गया है। 

Desk Team