अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ ही देर में अपने दो दिवसीय भारत दौरे के लिए गुजरात के अहमदाबाद पहुंचने वाले हैं। ट्रम्प के स्वागत को लेकर पूरे अहमदाबाद को सजा दिया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति दौरे के मद्देनजर अहमदाबाद में सभी ओर अनेक तरह के इश्तेहार लगाए गए हैं जिनमें भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती, संबंध, लोकतंत्र आदि का बखान किया गया है।
वहीं एक पोस्टर में लिखा है ‘‘दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र मिलेगा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र से’’। हालांकि, ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम से जुड़े किसी भी पोस्टर पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की तस्वीर नहीं है।
ट्रंप के स्वागत में लगाए गए कुछ पोस्टरों में दोनों देशों के बीच संबंधों के बारे में लिखा है ‘‘उज्ज्वल भविष्य के लिए मजबूत मित्रता।’’
किसी-किसी पोस्टर पर पिछले वर्ष अमेरिका में हुए ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम से ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाथ मिलाते, साथ चलते, लोगों का अभिवादन करती तस्वीरें नजर आ रही हैं।
दोनों नेताओं के 22 किमी लंबे रोडशो के मार्ग, मोटेरा इलाके में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम तथा शहर के अन्य इलाके भी पोस्टरों से पटे पड़े हैं। कई दीवारों पर मोदी और ट्रंप की तस्वीरें उकेरी गई हैं।

Download Android App
Download iOS App



