नैनीताल : उत्तराखंड में दिल्ली से पंतनगर एवं राजधानी देहरादून को जोड़ने वाली हवाई सेवा की जिम्मेदारी एयर इंडिया संभालेगी। एयर इंडिया को सेवा शुरू करने के लिये 90 दिन का समय दिया गया है। इसके अलावा देहरादून से पिथौरागढ़ के लिये भी इस साल के अंत तक हवाई सेवा शुरू कर दी जाएगी। भारतीय विमान प्राधिकरण की ओर से दिल्ली-पंतनगर-देहरादून हवाई सेवा की जिम्मेदारी एयर इंडिया को दी गयी है।
यह जानकारी मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत के नव नियुक्त सचिव एवं कुमाऊं मंडल के आयुक्त राजीव रौतेला ने दी। रौतेला ने मुख्यमंत्री के सचिव बनने के बाद आज पहली बार नैनीताल में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि दिल्ली से पंतनगर के लिये हवाई सेवा की कमान डेक्कन एयर लाइंस के बजाय एयर इंडिया को दे दी गयी है। इसके साथ ही इस सेवा से राजधानी देहरादून को भी जोड़ गया है। दिल्ली-पंनगर एवं देहरादून के बीच यात्री और पर्यटक इस सेवा का लाभ ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री के सचिव ने बताया कि प्रदेश के मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की पंतनगर हवाई अड्डे की समीक्षा बैठक में यह तथ्य सामने आया है। उन्होंने बताया कि पंतनगर हवाई अड्डे के प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने मुख्य सचिव को बताया कि दिल्ली-पंतनगर-देहरादून के बीच डेक्कन एयर लाइंस की बजाय एयर इंडिया को परिचालन शुरू करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। उन्होंने कहा कि परिचालन शुरू करने के लिये 90 दिन का समय दिया गया है लेकिन इससे पहले सेवा शुरू कर दी जाएगी।
इसके अलावा श्री रौतेला ने कहा देहरादून-पिथौरागढ-पंतनगऱ के बीच भी हवाई सेवा इस साल के अंत या नव वर्ष के शुरू में की जाएगी। तकनीकी कारणों के चलते यह सेवा शुरू नहीं हो पायी है। तब तक सभी प्रकार की तकनीकी दिक्कतों का समाधान कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने दिल्ली-पंतनगर-देहरादून के बीच हवाई सेवा शुरू नहीं होने के मामले को काफी गंभीरता से लिया था और डेक्कन चाटर्स को 30 दिन के अंदर सेवा शुरू करने के निर्देश दिये थे। अदालत ने भारतीय विमान प्राधिकरण को भी निर्देश दिये थे कि यदि डेक्कन चाटर्स निर्धारित समय के अंदर परिचालन शुरू नहीं करता तो प्राधिकरण उसका आवंटन रद्द करे।


Download Android App
Download iOS App



