हरिद्वार : हरिद्वार में आयोजित होने वाले आगामी 2021 महाकुंभ मेले को लेकर बैरागी अणियों के संतों महंतों ने शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के खन्ना नगर स्थित आवास पर उनसे मुलाकात कर महाकुंभ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विचार विमर्श किया। इस अवसर पर श्री पंच निर्वाणी अणी अखाड़े के श्रीमहंत धर्मदास महाराज ने कहा कि महाकुंभ मेला विश्व भर में भारतीय संस्कृति व सनातन धर्म की अदभूत पहचान का केंद्र बिन्दु है। महाकुंभ पर्व पर सभी तेरह अखाड़ों को सरकार से सुविधाएं मिलनी चाहिए।
स्थायी निर्माण पर अधिक से अधिक जोर दिया जाना चाहिए। कुंभ मेले के दौरान लगने वाले संतों महामण्डलेश्वरों के शिविरों के आसपास सरकार को सड़क, बिजली और पेयजल के विशेष प्रबंधन करने चाहिए। सरकार को अतिरिक्त मेला भूमि को भी चिन्हित कर आश्रम अखाड़ों के संतों को स्थान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को भी लागू कराना होगा। जिससे किसी भी प्रकार की दिक्कतें महाकुंभ मेले के दौरान ना हो। पार्किंग स्थल के अलावा हाईवे सड़क निर्माण आवश्यक रूप से पूरा किया जाना जरूरी है।
पौराणिक मंदिरों के जीर्णोद्धार के प्रयास भी सरकार को करने चाहिए। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने संतों के प्रतिनिधिमण्डल को पूर्ण आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार महाकुंभ मेले के आयोजन को लेकर रणनीति के तहत कार्य कर रही है। समान रूप से संतों को सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। किसी के साथ भी भेदभावपूर्ण नीति नहीं अपनायी जाएगी। स्थायी निर्माण को लेकर सरकार गंभीरतापूर्वक कार्ययोजनाएं बना रही है।
बिजली पानी के अलावा सफाई व्यवस्था के विशेष इंतजाम कुंभ क्षेत्र में लागू करने के प्रयास किए जाएंगे। किसी भी सूरत में लापरवाही नहीं बरती जाएगी। शहरी विकास मंत्री से मिलने वाले संतों के प्रतिनिधिमण्डल में महंत रामशरण दास, महंत दलीप दास, जगन्नाथ मंदिर के ट्रस्टी महंत महेंद्र झा, महंत राजकुमार दास, महंत गणेश दास, महंत योगीराज प्रेम संजय दास, महंत लंकेश दास, महंत रामदास, महंत सिंटू दास शामिल थे।
– संजय चौहान


Download Android App
Download iOS App



