अहमदाबाद में 154 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का अमित शाह ने किया लोकार्पण

Summary :

अमित शाह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अहमदाबाद नगर निगम और अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण को 154 करोड़

अमित शाह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अहमदाबाद नगर निगम और अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण को 154 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें चांदखेड़ा, साबरमती, शेला, थलतेज और सरखेज में स्मार्ट स्कूलों सहित कई अन्य विकास कार्य शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक विकास कार्यों में चांदखेड़ा व नवाडज में 62 लाख रूपए की लागत से सीनियर सिटीजन पार्क, अहमदाबाद-वीरमगाम ब्रॉडगेज लाइन के पास 4.39 करोड़ रूपए की लागत से पैदल यात्री सब-वे, 40 लाख रूपए की लागत से 5 आंगनवाड़ी, 97 करोड़ रूपए की लागत से सरदार पटेल रिंग रोड के सनाथल जंक्शन पर बना ओवरब्रिज सहित अन्य कार्य भी शामिल हैं।
स्वधर्म और स्वभाषा के आधार पर आत्मसम्मान की नई व्याख्या दी 
इस दौरान अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती है जिन्होंने देश में स्वराज, स्वधर्म और स्वभाषा के आधार पर आत्मसम्मान की नई व्याख्या दी थी। शाह ने कहा कि उस समय शिवाजी महाराज ने मात्र 15 साल की आयु में मुगल शासकों के सामने एक संकल्प के साथ हिंदु साम्राज्य खड़ा किया था।
एक नए ओवरब्रिज का लोकार्पण है
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज यहां 154 करोड़ रूपए के कई विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ है जिनमें से सबसे बड़ा कार्य 100 करोड़ रुपए की लागत से सरदार पटेल रिंग रोड पर सनाथल जंक्शन पर एक नए ओवरब्रिज का लोकार्पण है। अमित शाह ने ये भी कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में गुजरात की डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि पूरे गुजरात में कोई भी बिना घर ना रहे।
प्राथमिक शिक्षा के स्तर पर ही मंच प्रदान करना है 
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति में स्मार्ट स्कूल का कॉन्सेप्ट रखा है जिसका उद्देश्य बच्चों के अंदर की प्रतिभा को प्राथमिक शिक्षा के स्तर पर ही मंच प्रदान करना है जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉपोर्रेशन की प्राथमिक शिक्षण समिति के नेतृत्व में 459 म्युनिसिपल स्कूलों और उनमें पढ़ रहे लगभग 1 लाख 70 हजार बच्चों के लिए शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए पिछले 6 सालों से म्युनिसिपल कॉपोर्रेशन ने अनेक सराहनीय प्रयास किए हैं।

Desk Team