गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर उनके ‘भीतरी-बाहरी’ वाले बार-बार दोहराए गए बयान के जरिए निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘अवैध प्रवासियों का उनका वोट बैंक’’ जिसके समर्थन के बल पर वह राज्य में शासन करना चाहती हैं, असल में बाहरी वे ही लोग हैं।
शाह ने आरोप लगाया कि बनर्जी के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्वयं उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने के अलावा और कोई एजेंडा नहीं है।
दक्षिण दिनाजपुर जिले के हरिरामपुर क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘हर चुनावी रैली में अपने हर भाषण में वह दस मिनट प्रधानमंत्री और मेरे लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करती हैं। मैं देश का गृह मंत्री हूं, क्या मैं लोगों से बात नहीं कर सकता? मैं बाहरी कैसे हुआ?’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा जन्म इसी देश में हुआ है और मरने के बाद मेरा अंतिम संस्कार भी इस पवित्र भूमि पर होगा। अवैध प्रवासियों का आपका वोट बैंक ही बाहरी है जिनके बल पर आप बंगाल पर शासन करना चाहती हैं।’’ शाह ने दावा किया कि वाम दल और कांग्रेस के वोट बैंक भी ‘‘ये बाहरी लोग’’ ही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है तो वह यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य की सीमाओं से कोई भी प्रवासी अवैध रूप से प्रवेश ना करे। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की नई सरकार शरणार्थियों को नागरिकता देगी।


Download Android App
Download iOS App



