अमृतपाल से IB अधिकारियों ने असम की डिब्रूगढ़ जेल में की पूछताछ

Summary :

असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह से मंगलवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों ने पूछताछ की

असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह से मंगलवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों ने पूछताछ की। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी है। वारिस पंजाब दे (WPD) प्रमुख को अलग सेल में रखा गया है। जेल सूत्रों के मुताबिक, उन्हें अपने करीबी सहयोगी पापलप्रीत सिंह सहित संगठन के अन्य सदस्यों से मिलने की इजाजत नहीं थी।
रविवार को डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल लाए जाने से पहले अमृतपाल के नौ सहयोगी डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद थे। डिब्रूगढ़ जेल के एक सूत्र ने खुलासा किया कि आईबी अधिकारी आज सुबह जेल के अंदर गए और वारिस पंजाब दे प्रमुख से पूछताछ की।असम पुलिस इस मामले में चुप्पी साधे हुए है।
असम पुलिस के महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार भुइयां ने मीडिया को बताया, आईबी और रॉ सहित सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों के अधिकारी राज्य में तैनात हैं। इसलिए, यह आवश्यक नहीं है कि किसी कैदी से पूछताछ करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी से किसी को आना पड़े। हालांकि, उन्होंने अमृतपाल से पूछताछ पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Desk Team