मुंबई और पुणे में सेना की तैनाती की खबरों को महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने बताया अफवाह

Summary :

मुंबई और पुणे के कोरोना वायरस हॉटस्पॉट में सेना की तैनाती को लेकर वायरस हो रही खबरों पर महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने विराम लगते हुए इन्हे अफवाह करार दिया है।

महाराष्ट्र राज्य देश का कोरोना हॉटस्पॉट बनकर उभरा है। ऐसे में मुंबई और पुणे के कोरोना वायरस हॉटस्पॉट में सेना की तैनाती को लेकर वायरस हो रही खबरों पर महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने विराम लगते हुए इन्हे अफवाह करार दिया है। उन्होंने कहा कि जानबूझकर सोशल मीडिया पर इस तरह की खबरें फैलाई जा रही है।
अनिल देशमुख ने ट्वीट किया,“ व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से यह अफवाह जानबूझकर फैलाई जा रही है कि सेना को मुंबई और पुणे में तैनात किया जाएगा जिससे सेना वहां लोगों की आवाजाही पर रोक लगाएगी। यह पूरी तरह से गलत है। महाराष्ट्र साइबर प्रकोष्ठ ने इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।’’


उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि राज्य सरकार अफवाहों को बर्दाश्त नहीं करेगी। इस महीने की शुरुआत में, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कोविड-19 के कारण खराब हालत में सेना को मुंबई बुलाए जाने की इन अटकलों को खारिज कर दिया था। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोविड-19 के कुल 54,758 मामलों में से 39,000 से अधिक मामले मुंबई और पुणे में पाए गए हैं।

Desk Team