दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 182 मीटर ऊंची स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की दूसरी सबसे ऊंची प्रतिमा का गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आज यहां पाटीदार समुदाय की संस्था सरदारधाम के यहां वैष्णोदेवी सर्किल के समीप स्थित परिसर में अनावरण किया।
70 हजार किलो वजन और 50 फुट ऊंची यह प्रतिमा हालांकि स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की तुलना में खासी छोटी है पर यह सरदार पटेल की दुनिया भर में दूसरी सबसे ऊंची प्रतिमा है। मजेदार बात यह भी है कि इसकी डिजायन भी स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की डिजायन बनाने वाले जाने माने मूर्तिकार पद्म भूषण राम सुतार ने ही तैयार की है। उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया की मौजूदगी में प्रतिमा के अनावरण के बाद श्री रूपाणी ने कहा कि देश के एकीकरण के शिल्पी सरदार पटेल की एक और विशाल प्रतिमा का गुजरात में अनावरण गौरव की बात है।
सरदारधाम के अध्यक्ष गगजी सुतरिया तथा इसके प्रवक्ता सुभाष डोबरिया ने आज यूएनआई को यह जानकारी देते हुए बताया कि कांसे की बनी यह प्रतिमा संस्था के परिसर में लगभग सवा तीन करोड़ रूपये की लागत से स्थापित की गयी है।
ज्ञातव्य है कि मध्य गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़यि स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का अनावरण अक्टूबर 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उस पर तीन हजार करोड़ रूपये से अधिक की लागत आयी है। वह चीन के स्प्रिंग टेम्पल बुद्धा को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बन गयी है।


Download Android App
Download iOS App



