असम/डिब्रूगढ़: असम के डिब्रूगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया है। दरअसल, तेंगाखत इलाके में ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) के इंटरमीडिएट टैंक फार्म (ITF) में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाका देखने को मिला। इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब टैंक फार्म में तकनीकी काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि कच्चे तेल के स्टोरेज सेक्शन में एक वाल्व को चलाने के दौरान अचानक विस्फोट हुआ। इसके बाद आग फैल गई और वहां काम कर रहे कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।
मशीनों की नियमित सर्विसिंग के दौरान हुआ हादसा
स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के एरिया मैनेजर कमल फुकन ने बताया कि प्लांट में मशीनों का नियमित रखरखाव किया जा रहा था। इनकी सर्विसिंग हर महीने या तीन महीने में एक बार होती है। शुक्रवार को भी इसी प्रक्रिया के तहत काम चल रहा था, तभी अचानक आग लगने और विस्फोट की घटना हो गई।
हादसे में घायल 6 कर्मचारियों में से 5 को असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (AMCH) में भर्ती कराया गया, जबकि एक अन्य घायल को ऑयल इंडिया अस्पताल ले जाया गया। घायलों की पहचान डिब्रूगढ़ के मिलन नगर निवासी 40 वर्षीय तापस गोगोई, तेंगाखत निवासी 45 वर्षीय शैलेन गोगोई, 38 वर्षीय कुमुद गोगोई, 58 वर्षीय गोलाप दत्ता और 40 वर्षीय इंद्र गोगोई के रूप में हुई है।
एक व्यक्ति की मौत, लापता कर्मचारी की तलाश जारी
शुरुआत में कंपनी के अधिकारी ने किसी की मौत की पुष्टि नहीं की थी। लेकिन, बाद में सामने आई जानकारी के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की बात भी सामने आई है। कमल फुकन के मुताबिक, लापता व्यक्ति की तलाश के लिए विशेष टीम लगाई गई है। टीम उसकी खोज में जुटी हुई है।
विस्फोट के कारणों की जांच जारी
ऑयल इंडिया के टैंक फार्म में हुए इस हादसे के बाद औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट किस वजह से हुआ और क्या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी थी।घटना के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़ें: OBC क्रीमी लेयर मामले में SC की सफाई, पुराने सिलेक्शन और नियुक्तियों पर लागू नहीं होगा 11 मार्च का फैसला


Download Android App
Download iOS App




