अरूणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले में मलबे से एक और शव मिलने के बाद प्रदेश में इस साल बाढ़ और भूस्खलन के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 18 तक पहुंच गई है।
एनडीआरएफ ने 25 वर्षीय युवक का निकाला शव
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नीमा ताशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों ने बालीजान के चकमा कैंप-1 में मलबे से एक महिला का शव बुधवार को निकाला। पीड़िता की पहचान 27 वर्षीय मोमिता चकमा के तौर पर हुई है। ईटानगर से सटे पापुम पारे जिले और पश्चिमी सिआंग जिले में पिछले कुछ दिनों के दौरान बाढ़ और भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
मूसलाधार बारिश के कारण लोगों से टूटा संपर्क
ताशी ने यह भी बताया कि पापुम पारे जिले के हुतो गांव में बाढ़ के पानी में बह गए दो लोगों का पता लगाने के लिए खोज अभियान बृहस्पतिवार को फिर शुरू कर दिया गया। इससे पहले अभियान को खराब मौसम के कारण बुधवार को रोकना पड़ा था। पूर्वोत्तर राज्य में पिछले कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है जिससे बाढ़ आ गई है और कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इससे संपर्क टूट गया है और लोग प्रभावित हुए हैं।
टावर गिरने से ईलाके में बिजली आपूर्ति ठप , खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदिया
दिकरोन्ग नदी में सैलाब आने की वजह से 132 केवी का बिजली टावर गिर गया जिससे पापुम पारे के यूपिया इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूर्वी सिआंग जिले में, सिआंग और सिले नदियों में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है और करीब 200 घर पानी से घिर गए हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थिति पर मंत्रिमंडल को दी गई जानकारी
राज्य मंत्रिमंडल को बुधवार को स्थिति के बारे में जानकारी दी गई थी। उसने आपदा प्रबंधन विभाग को स्थिति पर निगाह रखने, परामर्श जारी करने, संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने और उन्हें तत्काल राहत मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



