असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने शनिवार को प्रदेश के विपक्षी विधायकों से राज्य की सत्ता में काबिज भाजपा में शामिल होने की अपील की। दरअसल, कांग्रेस के चार बार के विधायक रूपज्योति कुर्मी के भाजपा में शामिल होने की घोषणा करने के एक दिन बाद सरमा ने यह अपील की है।
सरमा ने यह अपील कुर्मी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में की। कुर्मी कांग्रेस के एक मात्र चाय आदिवासी समुदाय के विधायक हैं, जिन्होंने देश की सबसे पुरानी पार्टी छोड़ने के साथ असम विधानसभा से भी इस्तीफा दे दिया है। ऊपरी असम के मरियानी विधानसभा सीट से विधायक कुर्मी ने घोषणा की है कि वह सोमवार को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ वे अगले पांच साल तक विपक्ष में क्या करेंगे? मैं उनसे कहूंगा कि वे हमारे साथ आएं। हम जाति, समुदाय और धर्म से इतर लोगों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं, मैं उनसे (विपक्षी सदस्यों) अपील करता हूं कि वे जनता के लिए हमसे जुड़ें और मिलकर काम करें।’’
गौरतलब है कि शुक्रवार को पार्टी छोड़ने के साथ ही कुर्मी ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला करते हुए आरोप लगाया था कि संगठन ‘बहुत कमजोर’ हो गया है क्योंकि नेता जमीनी कार्यकर्ताओं की आवाज नहीं सुनते।


Download Android App
Download iOS App



