मिजोरम के चम्फाई इलाके से असम राइफल्स ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, रेजिमेंट्स ने दो अलग-अलग जगहों पर कार्यवाही को अंजाम देते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी को विफ़ल किया। कार्यवाही के दौरान 55.50 लाख रुपय की हेरोइन बरामद किया गया। असम राइफल्स ने रविवार को एक बयान में बताया कि, एक खुफिया इनपुट के आधार पर 23 सेक्टर असम राइफल्स की सेरचिप बटालियन ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मिजोरम के चम्फाई जिले के तलंगसम गांव के सामान्य इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो जगहों पर एक साथ कार्यवाही की गई और दो तस्करों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।
ड्रग्स सीमा पार तस्करी के लिए भेजे जाने थे
जानकारी के मुताबिक, बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 55.50 लाख रुपये है। शुरूआती पूछताछ में पता चला कि ये ड्रग्स सीमा पार तस्करी के लिए भेजे जाने थे। फिलहाल जब्त की गई खेप व पकड़े गये व्यक्तियों को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए चम्फाई पुलिस को सौंप दिया गया है। आगे की पूछताछ के आधार पर और कार्यवाही हो सकती है। वहीं असम राइफल्स ने कहा कि अवैध ड्रग्स की तस्करी मिजोरम राज्य के लिए चिंता का एक प्रमुख कारण है। यही वजह है कि असम राइफल्स के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तस्करों के प्रयासों को विफल कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



