विकासनगर : थाना सहसपुर अंतर्गत जेबीआईटी इंस्टीट्यूट कैंपस में फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने साभावाला तिराहे पर चेकिंग के दौरान दबोच लिया। तीनों आरोपी सहारनपुर के रहने वाले हैं। अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। आरोपियों में से एक बीबीए का छात्र भी शामिल है। बता दें कि 10 मार्च को रामपुर स्थित जेबीआइटी इंस्टीट्यूट कैंपस में घुसकर बाहरी युवकों ने फायरिंग कर सनसनी फैला दी थी। दो गुटों में झगड़े के बाद एक गुट ने बाहर से कुछ युवक बुला लिए थे।
कार सवार युवकों ने कैंपस में सुरक्षा कर्मियों से धक्का मुक्की कर कैंपस में फायरिंग कर दी थी। संस्थान प्रशासन की ओर से सूरत सिन्हा निवासी कमरा नंबर तीन जेबीआईटी रामपुर की तहरीर पर दो नामजद सहित दस से बारह अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस ने बलवे, जानलेवा हमले के प्रयास आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस टीम को मुखबिर ने सूचना दी कि जिन युवकों ने जेबीआईटी परिसर में फायरिंग की, वे देहरादून की ओर से आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने साभावाला वाला तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। कुछ देर बाद एक स्विफ्ट कार आई, जिसमें तीन लोग बैठे थे। वे पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर स्विफ्ट कार सवार तीनों युवकों को दबोच लिया।


Download Android App
Download iOS App



