हल्द्वानी : पूर्व काबिना मंत्री तिलक राज बेहड़ ने कांग्रेस से आगामी लोकसभा चुनाव में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट से ताल ठोक दी है। उनका स्पष्ट कहना है कि अगर पार्टी से उन्हें टिकट मिला तो वह निश्चित तौर पर जीत दर्ज करेंगे। साथ ही यदि उन्हें टिकट नहीं मिलता है तो वह संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा व कर्तव्य पालन करते हुए दूसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए भरसक प्रयास करेंगे।
यहां नैनीताल रोड स्थित एक निजी रेस्तरां में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए तिलक राज बेहड़ ने कहा है कि उन्होंने कैबिनेट मंत्री के पद पर रहते हुए ऊधमसिंह नगर के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी विकास की गति को आगे बढ़ाया है। कहा कि प्रदेश का डबल इंजन धुआं छोड़ चुका है। जनता के कोई भी कार्य नहीं हो रहे हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है।
पलायन की गाथा निराली हो रही है। गांव-गांव के खाली हो रहे हैं। उत्तराखंड नशे का गढ़ बनता जा रहा है। प्रदेश के जिस शहर में भी जाओ वहां नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है। गन्ना किसान परेशान हैं। उनके कर्ज का भुगतान नहीं हो रहा है। सरकार किश्तों में पैसा दे रही है। लेकिन उसका ब्याज उन्हें नहीं मिल रहा है।
कर्ज के बोझ तले दबा किसान आत्महत्या कर रहा है। लेकिन प्रदेश का डबल इंतन रफ्तार नहीं पकड़ रहा है। वार्ता में पार्षद नरेंद्र जीत सिंह रोडू, मोहम्मद गुफरान, धर्मवीर उर्फ डेविड, परमजीत सिंह संटी, मुकुल बल्यूटिया मुख्य रूप से मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



