अहमदाबाद : आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) के कथित समर्थक को गुजरात के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने वडोदरा से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। तमिलनाडु पुलिस उसकी तलाश में थी। एक सरकारी बयान में बताया गया है कि तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले के रहने वाले जाफर अली को वडोदरा शहर के गोरवा इलाके से गिरफ्तार किया गया।
विज्ञप्ति में एटीएस ने कहा कि वह गुजरात में कथित रूप से आईएस का मॉड्यूल शुरू करने की योजना बना रहा था। विज्ञप्ति में कहा गया है कि एटीएस को सहयोगी एजेंसी से सूचना मिली कि हत्या के मामले में शामिल छह लोग तमिलनाडु के अपने घरों से भाग गए हैं। वे ‘गुप्त मिशन’ पर अन्य राज्यों में गए हैं और उन्हें ‘’ जिहाद करने के बारे में बात करते सुना गया था।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है, सूचना में कहा गया था कि ये वांछित व्यक्ति आईएस के समर्थक हैं और काफी कट्टर हैं। ऐसा अंदेशा था कि ये लोग किसी आतंकी कृत्य में शामिल हो सकते हैं। इसमें बताया गया है कि अली को तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से गिरफ्तार किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि वह दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा जांच किए जा रहे एक मामले में भी शामिल है और उसे जल्द ही उन्हें सौंप दिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



