मुंबई : उपनगरीय मलाड में एक बुजुर्ग पर कथित हमले को लेकर गुरुवार को एक होटल मालिक को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार पश्चिम रेलवे के सेवानिवृत्त अभियंता बी परेरा ने होटल मालिक जितेंद्र टेलर के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई। परेरा ने बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी)से शिकायत की थी कि मार्वे लिंक सोसायटी से सटे दो रेस्तरां अवैध हैं। इन रेस्तरां में से एक टेलर का है। परेरा मार्वे लिंक में ही रहते हैं। परेरा ने आरोप लगाया था कि रेस्तरां की वजह से फ्लैट में हवा का आवागमन (वेंटिलेशन) बाधित हो गया है।
सोमवार को परेरा ने बीएमसी में इस संबंध में अधिकारियों से मुलाकात की और उन्होंने आगाह किया कि अगर कोई कदम नहीं उठाया गया तो वह आला अफसरों से शिकायत करेगा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को घर के नजदीक एक अज्ञात व्यक्ति ने परेरा पर चाकू से हमला किया। अधिकारी ने कहा कि परेरा को अस्पताल में दाखिल कराया गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि परेरा पर हमला टेलर ने किया है। इसके बाद होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया।


Download Android App
Download iOS App



