देहरादून : दक्षिण पश्चिम मानसून की तैयारी को लेकर जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी एस.ए मुरूगेशन की अध्यक्षता में आपदा से जुड़े विभिन्न विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों एवं उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपदा के दौरान सम्भावित घटनाओं को कम से कम करने के लिए आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने विभिन्न उपकरणों, दवाईयों, खाद्य सामग्री के अलावा पेयजल, विद्युत जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर पैनी नजर रखते हुए कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बन्द सड़कों को खोलने की सम्भावना, क्रोमिक जोन की पहचान व दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों में साइन बोर्ड लगवायें इसके अलावा पत्थर गिरने वाले स्थानों व उनके अधीन विश्राम गृहों में बिजली, पानी जैसी सुविधाएं भी तात्कालिक रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग, विभिन्न हेलीपैडों के कार्डिनेंस व वैली ब्रिज के साथ ही सम्बन्धित क्षेत्रों में तैनात अभियन्ताओं व आपरेटरों के दूरभाष की जानकारी आपदा प्रबन्धन केन्द्र को उपलब्ध करायें। बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को रिस्पना, बिन्दाल, गौहरीमाफी, तथा सौंग आदि नदियों में चैनलाईजिंग एवं सफाई का कार्य करने के साथ ही इन स्थानों पर जाली, वायरक्रेट व पत्थरों की व्यवस्था की सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने विकासनगर, ऋषिकेश देहरादून की बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर वहां पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को सीमांत क्षेत्र चकराता तथा अन्य स्थानों पर मानसून पूर्व तीन माह का राशन अग्रिमरूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिये साथ ही कहा कि आपदा के दौरान सम्भावित स्थलों पर लोगों को खाद्य पदार्थ एवं पेयजल आदि की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान घरों में पानी घुसने तथा नालियां चैक होने से काफी परेशानी लोगों को उठानी पड़ती है इसके लिए तात्कालिक व्यवस्था पहले से ही करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी विभागों को अपनी कार्ययोजना की जानकारी के अलावा आवश्यक धनराशि की मांग का प्रपत्र आपदा प्रबन्धन केन्द्र को तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं चिकित्सकों एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था करने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा दवाओं की पूर्ण व्यवस्था की जाय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों की तैनाती के साथ ही आवश्यक उपकरण भी मुस्तैदी से रखें जाय। बैठक में अभिषेक रूहेला, ग्रामीण प्रमेंद्र डोभाल, रामजी शरण शर्मा, बीर सिंह बुदियाल, उप गोविन्द बिनवाल, सदर कमलेश मेहता, प्रेमलाल, लक्ष्मी राज चौहान, दीपशिखा रावत समेत लोनिवि, सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्थानीय निकाय आदि विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
– सुनील तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



