बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के कांग्रेस के घोषणापत्र में किए गए वादे पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगा सकते, क्योंकि यह अधिकार राज्य सरकार के पास नहीं है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, बजरंग दल एक अखिल भारतीय संगठन है और राज्य सरकार इसे कैसे प्रतिबंधित कर सकती है? कांग्रेस ने केवल समाज में परेशानी पैदा करने के लिए संगठन पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है।
कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र एक छलावा
बोम्मई ने कहा कि कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र एक छलावा है और जनता को मूर्ख बनाने के लिए है। लेकिन मतदाता उसको सिरे से खारिज कर देंगे। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यो को अपने चुनाव घोषणापत्र में शामिल किया है। यह झूठ से भरा है और कांग्रेस पार्टी द्वारा अपने घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को लागू करने के लिए 6 लाख करोड़ रुपये की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के हर घर में पीने का पानी पहुंचाने और छात्राओं के लिए मुफ्त बस पास जैसे कार्यक्रमों की बजट में घोषणा की गई है। कांग्रेस ने कोटा बढ़ाकर 75 फीसदी करने का वादा किया है। वे इसे कैसे कर सकते हैं? इसके लिए केंद्र में कांग्रेस की सत्ता होनी चाहिए। उन्होंने पिछड़े वर्गो के उत्थान के लिए निगम स्थापित करने का आश्वासन दिया है, लेकिन भाजपा सरकार ने पहले ही इसकी घोषणा कर दी है और आदेश भी जारी कर दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



