देहरादून : पुलवामा हमले पर कश्मीरी छात्रों की शर्मनाक टिप्पणी से लोग गुस्से में हैं। देहरादून में गुस्साए लोगों ने प्रेमनगर में छह से ज्यादा शिक्षण संस्थाओं के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। लोग कश्मीरी छात्रों को कॉलेज से बाहर निकालने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गए, कुछ लोग तोड़-फोड़ करने लगे,साथ ही मारपीट का भी प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों को संभालने में पुलिस के भी पसीने छूट गए। बता दें कि सुभारती मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले कैशर राशिद ने पुलवामा हमले को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किया था, जिसके बाद लोगों में गुस्सा भड़क उठा। एबीवीपी के साथ ही दूसरे हिंदूवादी संगठन सुभारती मेडिकल कॉलेज के बाहर इकट्ठा हुए और प्रदर्शन करने लगे। ये लोग स्टूडेंट राशिद को उनके हवाले कर देने की मांग कर रहे थे। हालात बेकाबू होते देख मौके पर कई थानों की पुलिस बुलाई गई।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी लौट गए, लेकिन थोड़ी ही देर बाद वो बाबा फरीद इंस्टीट्यूट के बाहर प्रदर्शन करने लगे,कुछ प्रदर्शनकारियों ने देवभूमि इंस्टीट्यूट के बाहर भी प्रदर्शन किया। ये लोग कश्मीरी छात्रों को कॉलेज से निकालने की मांग कर रहे थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया।


Download Android App
Download iOS App



