बीसीसीआई अध्यक्ष एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की हालत स्थिर है तथा सोमवार सुबह मेडिकल बोर्ड बैठक करेगा और उनके आगे के उपचार के बारे में फैसला लेगा। चिकित्सकों ने यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि शनिवार को ‘हल्का’ दिल का दौरा पड़ने के बाद गांगुली को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। ह्रदय तक जाने वाली उनकी तीन प्रमुख धमनियों में अवरोध पाया गया था जिसे ‘ट्रिपल वेसल डिसीज’ भी कहते हैं। अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया कि 48 वर्षीय गांगुली ‘‘रविवार रात ठीक से सोए तथा इस वक्त उनके सेहत संबंधी सभी मानक सामान्य हैं।’’
इसमें बताया गया कि उनका रक्तचाप 120/80 है तथा उनके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर 97 फीसदी है। बुलेटिन में कहा गया, ‘‘सुबह हम उनकी इकोकार्डियोग्राफी करेंगे जिसमें पता चलेगा कि उनका ह्रदय कैसा काम कर रहा है। उनकी सेहत पर चिकित्सक लगातार नजर रख रहे हैं।’’ दिल का दौरा पड़ने के बाद गांगुली के ह्रदय की एक प्रमुख धमनी में स्टेंट डाला गया था।


Download Android App
Download iOS App



